फोटो गैलरी

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News मध्य प्रदेशशिव-पार्वती की शादी और रिसेप्शन, सब को न्योता; खाने का मेन्यू देख रह जाएंगे दंग

शिव-पार्वती की शादी और रिसेप्शन, सब को न्योता; खाने का मेन्यू देख रह जाएंगे दंग

महाकाल शयन आरती भक्त मंडल द्वारा लोगों के घर-घर पहुंच कर विवाह के कार्ड देकर उन्हें आमंत्रित किया जा रहा है। कार्ड में विवाह का पूरा कार्यक्रम बताया गया है। खाने का मेन्यू भी दिया गया है।

शिव-पार्वती की शादी और रिसेप्शन, सब को न्योता; खाने का मेन्यू देख रह जाएंगे दंग
Nishant Nandanलाइव हिन्दुस्तान,उज्जैनMon, 18 Mar 2024 07:47 PM
ऐप पर पढ़ें

महाशिवरात्रि का पर्व वैसे तो पूरे देश में मनाया जाता है,लेकिन महाकाल की नगरी उज्जैन में इसका एक अलग ही महत्व है। बताया जाता है कि पूरे विश्व में माता की नवरात्रि की तरह उज्जैन में 9 दिनों तक महाशिवरात्रि मनाई जाती है और 9 दिनों तक महाकाल का हर दिन एक नया श्रृंगार किया जाता है। महाशिवरात्रि के आखिरी दिन बाबा महाकाल को सेहरा चढ़ता और साल में एक बार दिन में भस्मारती होता है। उज्जैन की महाकाल नगरी में वैसे तो महाशिवरात्रि 8 मार्च को हो चुकी है और अब विवाह के बाद रिसेप्शन का आयोजन किया जा रहा है। उज्जैन में यह आयोजन हर साल महाकाल शयन आरती भक्त मंडल की ओर से किया जाता है। इस बार उनका यह 24वां आयोजन है।

उज्जैन में महाशिवरात्रि के बाद शिव-पार्वती विवाह का रिसेप्शन किया जा रहा है। इसके लिए बाकायदा शहर के लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। महाकाल शयन आरती भक्त मंडल द्वारा लोगों के घर-घर पहुंच कर विवाह के कार्ड देकर उन्हें आमंत्रित किया जा रहा है। कार्ड में विवाह का पूरा कार्यक्रम बताया गया है। सोमवार सुबह शिव विवाह की रस्म के बाद महाकाल को शाम हल्दी लगाई गई  और मेहंदी और महिला संगीत का कार्यक्रम हुआ। निमंत्रण कार्ड में देवता स्वागतातुर और दर्शन अभिलाषी में भगवान गणेश, रिद्धि, सिद्धि और शिव परिवार लिखा गया है। इसके अलावा 33 करोड़ देवी लिखा गया है। वहीं मंगलवार 19 मार्च को बारात और रिसेप्शन रखा गया है। पूरे शहर को आमंत्रित किया गया है। खास बात यह है कि कार्यक्रम रामघाट के पास महाकाल मंडपम में होगा।

खाने का मेन्यू है शानदार

शयन मंडल के राजा पांचाल ने बताया कि मंगलवार को नगर कोट के गणेश्वर महादेव मंदिर से शिव बारात निकलेगी। यहां से बारात महाकाल मंडपम तक पहुंचेगी। बारातियों के स्वागत के लिए इंतजाम किए गए हैं। साफा बांधने वाले से लेकर जूते साफ करने वाले, शेविंग बनाने वाले, कपड़े प्रेस करने वाले के भी इंतजाम किए गए हैं। बारात के लिए दो बैंड और ढोल किए गए हैं। नगर भोज में 40 से 50 हजार भक्तों के आने की उम्मीद है। महाकाल शयन आरती भक्त मंडल की ओर से घर-घर जाकर निमंत्रण दिया गया है। रिसेप्शन के मेन्यू में सब्जी, पूरी, पुलाव, खीर, खोपरा पाक के साथ गन्ने का रस, शिकंजी, लस्सी, पानी पतासे और पान भी खाने को मिलेगा।

56 भोग भी बनेगा

महाकाल शयन आरती के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र कटियार ने बताया कि  70 डिब्बे तेल, 40 क्विंटल आटा, 10 क्विंटल आलू , 4 क्विंटल टमाटर, डेढ़ क्विंटल मटर, 5 क्विंटल का पुलाव, 10 क्विंटल गन्ना, 5 क्विंटल दही और दूसरा जरूरी सामान कार्यक्रम स्थल तक पहुंच चुका है। भगवान के लिए 56 भोग भी बनेगा। सोमवार से 10 से ज्यादा भटि्टयों में पकवान बनना शुरू हो गए हैं। 800 से ज्यादा लोगों की टीम को महाप्रसाद तैयार करने से लेकर बांटने की जिम्मेदारी मिली है।
रिपोर्ट : विजेन्द्र यादव