फोटो गैलरी

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News महाराष्ट्रदेर रात दोस्तों संग बार में की पार्टी, सुबह BMW से महिला को उड़ाया; मुंबई हिट एंड रन केस में नया खुलासा

देर रात दोस्तों संग बार में की पार्टी, सुबह BMW से महिला को उड़ाया; मुंबई हिट एंड रन केस में नया खुलासा

मुंबई हिट एंड रन केस में पुलिस को नई जानकारी सामने आई है। सा पता लगा है कि आरोपी मिहिर शाह हादसे से कुछ देर पहले अपने दोस्तों के साथ बार गया था। जहां शराब पी गई थी।

देर रात दोस्तों संग बार में की पार्टी, सुबह BMW से महिला को उड़ाया; मुंबई हिट एंड रन केस में नया खुलासा
Gaurav Kalaलाइव हिन्दुस्तान,मुंबईSun, 07 Jul 2024 08:02 PM
ऐप पर पढ़ें

Mumbai hit and run case updates: रविवार सुबह मुंबई के वर्ली इलाके में शिवसेना के एक नेता के बेटे ने अपनी बीएमडब्ल्यू कार से दोपहिया वाहन सवार महिला को टक्कर मार दी। जिसमें महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इस हादसे में नई जानकारी सामने आई है। ऐसा पता लगा है कि आरोपी मिहिर शाह हादसे से कुछ देर पहले अपने दोस्तों के साथ बार गया था। जहां शराब पी गई थी। पुलिस हालांकि मामले की जांच कर रही है कि क्या हादसे के वक्त मिहिर नशे में था? 

पुलिस को संदेह है कि फरार आरोपी मिहिर शाह घटना के वक्त नशे में था। वह अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। वर्ली थाने के अधिकारी ने बताया कि कार  के मालिक और आरोपी के पिता राजेश शाह और उसमें सवार राजश्री राजेंद्र सिंह बिदावत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें हिरासत में लिया गया है। राजेश शाह सीएम एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के नेता हैं। 

इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। यह पूछने पर कि क्या इस दुर्घटना में शामिल व्यक्ति शिवसेना के एक नेता का बेटा है, इस पर शिंदे ने कहा, ‘‘कानून सभी के लिए बराबर है और सरकार हर मामले को एक ही नजरिए से देखती है। इस दुर्घटना के लिए कोई अलग नियम नहीं होगा। सब कुछ कानून के अनुसार किया जाएगा।’’

हादसे से कुछ देर पहले पी थी बीयर
इंडिया टुडे की रिपोर्ट है कि बार के मालिक करण शाह के मुताबिक, मिहिर शाह शनिवार देर रात 11:00 बजे जुहू में वॉयस ग्लोबल तापस बार में अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मिहिर शनिवार रात 11:08 बजे मर्सिडीज में अपने दोस्तों के साथ बार में आया था। उनके साथ कोई महिला नहीं थी। रात 1:40 बजे बिल का भुगतान करने के बाद वे मर्सिडीज कार में चले गए।

बार मालिक ने कहा, "मिहिर को छोड़कर सभी ने एक-एक बीयर पी थी और उस समय चारों सामान्य लग रहे थे। मिहिर के हाथ में रेड बुल थी। वे मर्सिडीज में आए और मर्सिडीज में चले गए। लेकिन घटना बीएमडब्ल्यू से हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी डीवीआर जब्त कर लिया है। हमने पुलिस को सारी जानकारी दे दी है। बार में मिहिर शाह का बिल 18730 रुपये आया था।''

इस बीच, पुलिस ने मिहिर शाह के पिता और पालघर जिले में शिंदे सेना के उप नेता राजेश शाह को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, बीएमडब्ल्यू उनके नाम पर पंजीकृत है। 

हादसा क्या हुआ
वर्ली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान कावेरी नखवा (45) के तौर पर की गयी है। वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे एनी बेसेंट रोड पर अपने पति प्रदीप के साथ दुपहिया वाहन से जा रही थीं तभी बीएमडब्ल्यू कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और दोनों गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई। उन्होंने बताया, ‘‘टक्कर के बाद कावेरी नखवा सड़क पर गिर गयीं। आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी। कावेरी को सरकारी नायर हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे अपने घर जा रहे थे।’’