गुना लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम (Guna Lok Sabha Election 2024 Result)

गुना लोकसभा

गुना लोकसभा सीट मध्य प्रदेश की एक हाई प्रोफाइल सीट है। इस सीट को सिंधिया राजपरिवार का गढ़ माना जाता है। साल 1957 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर विजयाराजे सिंधिया इस सीट से चुनाव जीती थीं। इस सीट से कुल 9 बार कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा यहां से आजादी के बाद कुल 5 बार चुनाव जीती है। इस सीट पर किसी दल का नहीं बल्कि सिंधिया राजपरिवार का दबदबा माना जाता है। दिलचस्प बात यह है कि अब तक हुए 17 लोकसभा चुनाव में से 13 बार सिंधिया राजपरिवार के लोग ही गुना सीट से चुनाव जीते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहली बार यहां तभी जीती जब उसने विजयाराजे सिंधिया को टिकट दिया। भाजपा ने साल 1989 के चुनाव में विजयाराजे को मैदान में उतारा था। गुना के लोग राजपरिवार का बहुत सम्मान करते हैं। गुना सीट पर साल 1999 के चुनाव से लगातार कांग्रेस जीत दर्ज कर रही थी। लेकिन 2019 में कांग्रेस को झटका लगा। कांग्रेस उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा के कृष्णपाल सिंह यादव ने हरा दिया। कृष्णपाल पहले कांग्रेस में ही थे और सिंधिया के बहुत खास थे। इस सीट से 4 बार सांसद रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया 2019 में चुनाव हार गए। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने जीत दर्ज की। कांग्रेस में ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्यमंत्री की रेस में थे। लेकिन कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें सीएम न बनाकर कमलनाथ पर भरोसा जताया। ऐसा माना जाता है कि पार्टी के इस फैसले से सिंधिया काफी नाराज हो गए। आखिरकार साल 2020 में कांग्रेस छोड़ सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए।और पढ़ें

पिछली बार के विजेता