ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News देशक्या पीएम मोदी अयोध्या से लड़ने वाले थे लोकसभा चुनाव? सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा दावा

क्या पीएम मोदी अयोध्या से लड़ने वाले थे लोकसभा चुनाव? सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा दावा

अवधेश प्रसाद से पूछा गया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कुछ महीनों बाद ही भगवा पार्टी कैसे हार गई? इस पर उन्होंने कहा, 'यह भाजपा की मानसिकता और विचारधारा की हार है। अयोध्या भगवान राम की भूमि है।'

क्या पीएम मोदी अयोध्या से लड़ने वाले थे लोकसभा चुनाव? सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा दावा
Niteesh Kumarहिन्दुस्तान टाइम्स,नई दिल्लीSun, 07 Jul 2024 09:56 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले की फैजाबाद लोकसभा सीट से अवधेश प्रसाद सांसद बने हैं। उन्होंने रविवार को दावा किया कि भाजपा के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या से चुनाव लड़ने की सुगबुगाहट थी। हिंदुस्तान टाइम्स की कुमकुम चड्ढा को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'चारों ओर इस तरह की चर्चाएं थीं। पीएम मोदी ने अयोध्या का दौरा किया और रोड शो भी निकाला था। हालांकि, मेरी उम्मीदवारी के बारे में सुनकर भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर गया था। ऐसा इसलिए क्योंकि मैं जाति की राजनीति नहीं करता हूं। सभी जाति और समुदाय के लोग मेरा सम्मान करते हैं।'

अयोध्या जिले के फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के तहत ही राम मंदिर आता है। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में अवधेश प्रसाद ने यहां से जीत दर्ज की और हर किसी को चौंका दिया। एचटी को उन्होंने बताया, 'अखिलेश यादव ने मुझसे कहा कि वह मुझे बड़ा सम्मान देने की तैयारी में हैं। उन्होंने मुझसे कहा कि आपको लोकसभा चुनाव लड़ना है। पूर्व सीएम ने मुझसे कहा कि अगर मैं चुनाव लड़ा तो मेरे खिलाफ कोई भी बीजेपी कैंडिडेट जीत नहीं पाएगा। दूसरी ओर, भाजपा नेताओं ने कहना शुरू कर दिया था कि मैं कैसे जीतूंगा क्योंकि पीएम मोदी यहां से लड़ने जा रहे हैं।' 

आखिर अयोध्या में भाजपा क्यों हार गई?
अवधेश प्रसाद से पूछा गया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कुछ महीनों बाद ही भगवा पार्टी कैसे हार गई? इस पर उन्होंने कहा, 'यह भाजपा की मानसिकता और विचारधारा की हार है। अयोध्या भगवान राम की भूमि है। ऐसा माना जाता रहा कि कोई भी नागरिक यहां पर कठिनाई महूसस नहीं करेगा। मगर, बीजेपी वालों के इस 'राम राज्य' में लोगों के घरों को ढहा दिया गया। साथ ही, औने-पौने दाम पर उनकी महंगी जमीनों पर कब्जा जमा लिया गया।'

लोकसभा उपाध्यक्ष बनने की संभावना पर क्या बोले
फैजाबाद सांसद ने कहा कि भारत की जनता अपना गुस्सा जाहिर नहीं करती है। मगर, समय-समय पर उसका एहसास जरूर करा देती है। 78 वर्षीय नेता से लोकसभा उपाध्यक्ष बनने की संभावनाओं के बारे में सवाल पूछा गया। इस पर प्रसाद ने कहा, 'भगवान तो मेरे ऊपर दयालु रहे हैं। आपको बताता हूं कि मैं 9 बार विधायक रहा हूं। मेरी पत्नी पंचायत प्रमुख रही हैं। मैं 6 बार मंत्री भी बन चुका हूं।' समाजवादी पार्टी के नेता ने कहा कि उन्हें डिप्टी स्पीकर बनाए जाने को लेकर जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, 'इस बारे में मुझे कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। मैं अब तक जो कुछ भी जान पाया हूं, वह मीडिया कवरेज के कारण है।'