ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News बिहारसम्राट चौधरी 21 महीने बाद अयोध्या में उतारेंगे मुरेठा, नीतीश को कुर्सी से हटाने का सपना रह गया अधूरा

सम्राट चौधरी 21 महीने बाद अयोध्या में उतारेंगे मुरेठा, नीतीश को कुर्सी से हटाने का सपना रह गया अधूरा

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी करीब 21 महीने बाद अयोध्या जाकर अपना मुरेठा यानी पगड़ी उतारेंगे। उन्होंने नीतीश को सीएम की कुर्सी से हटाने का संकल्प लेकर मुरेठा बांधा था, जो कि अधूरा ही रह गया।

सम्राट चौधरी 21 महीने बाद अयोध्या में उतारेंगे मुरेठा, नीतीश को कुर्सी से हटाने का सपना रह गया अधूरा
Jayesh Jetawatहिन्दुस्तान,पटनाFri, 21 Jun 2024 07:15 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी करीब 21 महीने यानी पौने दो साल बाद अपना मुरेठा (पगड़ी) उतारेंगे। उन्होंने कहा कि वे अयोध्या में मुंडन करवा भगवान राम के चरणों में मुरेठा समर्पित करेंगे। आगामी 2 और 3 जुलाई को वे इसके लिए अयोध्या दौरे पर जाएंगे। हालांकि, नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने का उनका सपना अधूरा रह गया। दरअसल, सम्राट ने नीतीश को सीएम की कुर्सी से हटाने की प्रतिज्ञा ली थी। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत फैसले निरस्त हो सकते हैं।

बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सितंबर 2022 में अपनी मां के निधन के बाद मुरेठा बांधा था और ऐलान किया था कि वह इसे तब खोलेंगे जब नीतीश को सीएम पद से हटा देंगे। उस वक्त नीतीश आरजेडी के साथ महागठबंधन में थे। मगर इस साल जनवरी में बिहार में राजनीतिक समीकरण बदल गए। नीतीश कुमार ने भाजपा के सहयोग से बिहार में सरकार बना ली और उन्हें पद से हटाने की प्रतिज्ञा लेने वाले सम्राट खुद डिप्टी सीएम बन गए। इसके बाद से ही ये सवाल उठ रहा था कि सम्राट चौधरी कब मुरेठा खोलेंगे? 

बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद भी सम्राट चौधरी ने कहा कि वे अयोध्या में सिर मुंडवाकर भगवान राम के चरणों में पगड़ी समर्पित करेंगे। सम्राट ने शुक्रवार को कहा कि जब मैंने यह बात कही थी तो वो भावुक क्षण था। लेकिन, भाजपा के पूरे प्रदेश नेतृत्‍व और राष्‍ट्रीय नेतृत्‍व ने जब निर्णय लिया कि नीतीश कुमार के साथ जाएंगे तो अब मैंने निर्णय लिया है कि मैं अयोध्‍या जा रहा हूं। मैं अपना सिर मुंडवाऊंगा और मुरेठा प्रभु श्रीराम के चरणों में दूंगा। बिहार के विकास के लिए व्‍यक्तिगत कुछ नहीं हो सकता है। व्‍यक्तिगत निर्णय को निरस्‍त भी किया जा सकता है। 

नीतीश ने भी पूछा था, क्यों पहनते हैं मुरेठा
महागठबंधन सरकार में विधान परिषद की कार्यवाही के दौरान नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के मुरेठा को लेकर सवाल किया था कि इसे क्यों पहनते हैं? तब सम्राट ने जवाब दिया था कि आपको मुख्यमंत्री पद से हटाने के बाद ही इसे खोलूंगा। इसमें आपका भी आशीर्वाद चाहिए। नीतीश कुमार तब मुस्कुराने लगे थे। सम्राट चौधरी ने ये बयान सदन से बाहर आकर भी दोहराया था।