ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News हिमाचल प्रदेशहिमाचल में कहर बरपा रही लू, ऑरेंज अलर्ट जारी, 3 दिन झमाझम बारिश की गुड न्यूज

हिमाचल में कहर बरपा रही लू, ऑरेंज अलर्ट जारी, 3 दिन झमाझम बारिश की गुड न्यूज

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में लू से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 18 जून से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम खराब ह���ने की बात कही है।

हिमाचल में कहर बरपा रही लू, ऑरेंज अलर्ट जारी, 3 दिन झमाझम बारिश की गुड न्यूज
Krishna Singhलाइव हिन्दुस्तान,शिमलाSun, 16 Jun 2024 05:36 PM
ऐप पर पढ़ें

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में प्रचंड गर्मी का सितम जारी है। मैदानों से लेकर हिल्स स्टेशन तक खूब तप रहे हैं। मैदानी हिस्सों में अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अगले 24 घंटों में मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के साथ लू के थपेड़े भी झेलने होंगे। हालांकि 18 जून से हिमाचल प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 18 जून से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की उम्मीद जताई है। इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश में तीन दिन तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस रिपोर्ट में जानें किन जिलों में कब तक खराब रहेगा मौसम का मिजाज...

मौसम विभाग के मुताबिक, ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश में 18 से 20 जून के दौरान आंधी और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला, शिरमौर, सोलन और उना में 18 से 20 जून के दौरान आंधी और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 

मौजूदा वक्त में हिमाचल प्रदेश लू और भीषण गर्मी की चपेट में है। हिमाचल प्रदेश में 16 और 17 जून को भीषण लू चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, मंडी, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन, कांगड़ा और कुल्लू जिले में भीषण गर्मी देखी गई। इन जिलों के कई हिस्सों में झुलसा देने वाली लू का प्रकोप भी देखा गया। 

रविवार को आठ शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकार्ड किया गया। सिरमौर का धौलाकुंआ सबसे गर्म रहा, जहां पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, हमीरपुर में 42, कांगड़ा में 41.4, बरठीं में 41.3, सुंदरनगर में 41.6 डिग्री, मंडी में 41.1, चम्बा में 41, और बिलासपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। 

हैरानी की बात यह है कि राज्य के मशहूर हिल्स स्टेशन शिमला, मनाली और डल्हौजी में भी चटख धूप से लोग।परेशान हैं। मैदानी इलाकों से इन हिल्स स्टेशनों का रुख करने वाले सैलानियों को गर्मी से खास निजात नहीं मिल रही है।

शिमला में गर्मी से बचने के लिए लोग पंखों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां सैलानियों से खचाखच भरा रहने वाला ऐतिहासिक माल रोड और रिज मैदान दोपहर के वक्त वीरान नजर आता है। शाम को ही यहाँ सैलानी चहल-कदमी करना पसंद कर रहे हैं। शिमला में दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। रविवार को शिमला में अधिकतम तापमान 30.7, कुफ़री में 25.9, नारकंडा में 26.8, डल्हौजी में 29.1 और केलांग में 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल के मुताबिक अगले दो दिन तक लू का प्रभाव रहेगा। खासतौर पर अगले 24 घंटों में ऑरेंज अलर्ट से पारे में बढ़त हो सकती है। 18 से 21 जून तक प्री मानसून की बारिश के आसार हैं। जून के आखिरी हफ्ते में मानसून प्रदेश में दस्तक देगा। 

रिपोर्ट- यूके शर्मा