ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News उत्तर प्रदेशUP Monsoon Rain : यूपी में अगले 3 दिनों तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 24 को मॉनसून की एंट्री 

UP Monsoon Rain : यूपी में अगले 3 दिनों तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 24 को मॉनसून की एंट्री 

UP Monsoon Rain updates: यूपी में गर्मी से झुलस रहे लोगों को बारिश से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

UP Monsoon Rain : यूपी में अगले 3 दिनों तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 24 को मॉनसून की एंट्री 
Deep Pandeyहिन्दुस्तान,लखनऊFri, 21 Jun 2024 06:43 AM
ऐप पर पढ़ें

प्रचंड गर्मी और भीषण लू से तप रहे यूपी में लोगों को आंधी-बारिश के बाद थोड़ी राहत मिली है। एक ही झटके में दिन में तापमान सामान्य स्तर पर आ गया जबकि रात में सामान्य से नीचे चला गया। हालांकि बारिश के बाद गुरुवार दोपहर को धूप और उमस से पसीने छुड़ा दिए। स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार, साउथवेस्ट मॉनसून यूपी में 24 या 25 जून को एंट्री कर सकता है। बलिया और गोरखपुर के रास्ते मॉनसून यूपी में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

उमस बढ़ी तो हुए पसीने-पसीने

आगरा, इटावा, फतेहपुर, हमीरपुर, झांसी और प्रयागराज समेत 10 जिलों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। शेष सभी जिलों में तापमान 40 के नीचे आ गए। इस कारण पूरे प्रदेश को गर्मी से राहत मिल गई। कानपुर में अधिकतम नमी का प्रतिशत 71 और न्यूनतम 46 रहा। यह सीजन का सर्वाधिक है। इस कारण उमस बढ़ी और लोग पसीने पसीने हो गए।

मात्र दो मिमी बारिश ने वेस्ट यूपी को किया ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मेरठ में मात्र दो मिमी बारिश हुई। 20 किमी प्रतिघंटे की रफ़्तार से धूलभरी तेज हवाएं चली। लेकिन इस बदलाव ने आग में झुलस रहे वेस्ट यूपी को मिजाज बदल दिया। अधिकांश स्थानों पर गुरुवार को दिन-रात के तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई। मेरठ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.3 एवं न्यूनतम 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बुधवार के सापेक्ष दिन में 6.2 एवं रात में 8.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। 14 दिन बाद रात एवं 11 दिन बाद दिन में तापमान इतने कम स्तर पर पहुंचे। गुरुवार को मेरठ सहित वेस्ट यूपी से लू पूरी तरह से हठ गईं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक लू के कोई आसार नहीं हैं।  

कल से फिर चढ़ेगा पारा 

निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर और मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मैदानों में तापमान में एक बार फिर से तापमान में बढ़ोतरी की शुरुआत होने की उम्मीद है। इससे गर्मी बढ़ेगी। हालांकि यह दौर बहुत लंबा नहीं चलेगा और 26 जून तक मेरठ सहित वेस्ट यूपी में मानसून पहुंचकर गर्मी से राहत दे सकता है। गुरुवार को लंबे समय से ठिठके मानसून ने अपने कदम आगे बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। स्काईमेट वेदर के अनुसार मानसून की प्रगति में तेजी आने वाली है और यह जल्द ही वेस्ट यूपी सहित उत्तर भारत को कवर कर सकता है। आज भी कुछ हिस्सों में छुटपुट बारिश के आसार हैं, लेकिन यह व्यापक नहीं होगी।